खोखे और रेहडी स्थलों का आवंटन करते आयुक्त डा. देवांश यादव : जेएमसी
नगर निगम की ओर से पंजीकृत विक्रेताओं के लिए निकाला ड्रा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने शनिवार को बाहु फोर्ट इलाके में पंजीकृत विक्रेताओं के लिए खोखे और रेहड़ी स्थल के आवंटन के लिए ड्रा निकाला। इसमें 23 स्थानों को ड्रा के माध्यम से पंजीकृत विक्रेताओं को आवंटित किया गया। इसमें 13 आधुनिक खोखे और 10 रेहड़ी धारकों के लिए स्थान शामिल हैं।
यह कार्यक्रम विधायक विक्रम रंधावा और जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव की मौजूदगी में हुआ। विधायक ने आवंटियों को बधाई दी और उनसे प्रतिबद्धता के साथ काम करने, अनुशासन बनाए रखने, जनता को उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद व सेवाएं प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आजीविका में सुधार करने में स्वरोजगार पहल के महत्व पर जोर दिया। इस मौके पर संयुक्त आयुक्त राकेश गुप्ता, उपायुक्त संजय बड्याल, उपायुक्त लाल चंद, तहसीलदार बाहु राजू संबियाल, मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील गुप्ता आदि मौजूद रहे।