जम्मू बंद का दिखा असर, रोजमर्रा के सामान के लिए भटकते रहे शहरवासी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू बंद के आह्वान पर बुधवार को बाजार बंद रहे। इस कारण सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को रोजमर्रा का सामान लेने में आई। लोग अन्य दिनों की तरह ही सामान खरीदने पहुंचे, लेकिन दुकानें बंद होने पर खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
ऐसे में जरूरी खाद्य सामग्री लोगों को नहीं मिल पाई। सुबह बाहरी राज्यों से दूध, अंडा, फल और सब्जियां नहीं पहुंचीं। इसके अलावा ब्रेड की गाड़ियां पठानकोट से आगे नहीं आईं। गली-मोहल्लों में इक्का-दुक्का दुकानें खुली रहीं, जहां से लोगों को जरूरत का सामान खरीदना पड़ा है।
कुछ स्थानों में जरूरी सामान के लिए लोग घूमते रहे। दुकानदारों का तर्क रहा कि हिंदुओं का निशाना बनाया जा रहा है। अब धर्म पूछकर गोली मारी जा रही है। यह सहन नहीं होगा। दुकानें बंद रखी गई हैं। सरकार आतंकवादियों को जवाब दें। वहीं, बाजारों की सड़कें सुनी रही।