जम्मू से चंडीगढ़ जा रही बस में हेरोइन(231 ग्राम) के साथ पकड़ी गई नर्सिंग कॉलेज की छात्रा कौसर सोत्रा से की गई पूछताछ में यह सामने आया है कि वह नशा तस्करी का काम करती थी और अभी शुरूआती दौर में वह इससे जुड़ी है। हालांकि किसके लिए नशा तस्करी करती थी और कहां से नशीला पदार्थ हासिल करती थी, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
सोमवार को जम्मू से चंडीगढ़ बस से जा रही नर्सिंग कॉलेज की छात्रा कौसर से 231 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस पर गांधीनगर पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया था। मंगलवार को गांधीनगर पुलिस को उसकी रिमांड भी मिली। पुलिस उससे सभी जरूरी जानकारी जुटाएगी, ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को पकड़ा जाए।
बता दें कि छात्रा चंडीगढ़ में नर्सिंग कॉलेज में पढ़ती है और सोमवार को वह जम्मू से चंडीगढ़ जा रही थी। इस बीच गांधीनगर पेट्रोल पंप के पास बस को रोका तो युवती की सामान की जांच के दौरान उससे हेरोइन बरामद हुई। सूत्रों के अनुसार छात्रा जिस नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही है वहां के प्रबंधन से उसकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। इस पूरे प्रकरण में कॉलेज के अन्य विद्यार्थी भी शामिल हो सकते है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।