अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू में बीस बिस्तर वाले नवीनीकृत आईसीयू को शुरू किया गया है। इससे गंभीर मरीजों को राहत मिलेगी। इससे पहले अस्पताल के सभी गंभीर मरीजों को जीएमसी के आईसीयू में रखना पड़ रहा था। सुपर स्पेशियलिटी में कार्डियोलाजी, सीटीवीएस, न्यूरो सर्जरी, नेफरोलाजी, यूरोलाजी जैसे महत्वपूर्ण विभाग काम कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने वीरवार को मरीजों को आईसीयू समर्पित किया। इस बीच मंत्री ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ जीएमसी जम्मू का भी निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से जीएमसी और उसके संबद्ध अस्पतालों के कामकाज की समीक्षा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आईसीयू मरीजों की बढ़ती आपातकालीन जरूरतों को पूरा करेगा। उन्होंने रोगियों की सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के लिए आवश्यक दवाओं, नैदानिक उपकरणों और जनशक्ति की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने जीएमसी में बीएसएल लैब, वीआरडीएल आईसीएमआर लैब, चोपड़ा नर्सिंग होम और अस्पताल के अन्य अनुभागों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों के साथ बैठक में हड्डी व जोड़ अस्पताल जम्मू, एसएमजीएस अस्पताल शालामार, एमसीसीएच गांधीनगर, स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट जम्मू, चेस्ट डिजीज अस्पताल और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू के कामकाज का आकलन किया। इसमें बुनियादी ढांचे के उन्नयन, निर्माणाधीन भवनों की स्थिति, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद आदि की जानकारी ली गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य हितधारकों के परामर्श से समय पर कार्यों के निष्पादन में अड़चनों को दूर करके परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे करें। अस्पतालों में परिचालन को सुव्यवस्थित करने और सेवा वितरण में सुधार के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।