विश्व लिवर दिवस आज: बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लोग प्रभावित, अधिकांश को पता नहीं खराब हो चुका है लिवर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गैर संचारी रोगों में मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायरायड, कैंसर, हृदय रोगों के साथ फैटी लिवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। शहर के अस्पतालों की कुल मेडिसिन ओपीडी में रोजाना लिवर समस्या संबंधी 20 प्रतिशत तक पीड़ित रिपोर्ट हो रहे हैं। इसमें बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लोग प्रभावित हैं।
विशेषज्ञ डाक्टर इसके लिए असंतुलित खानपान और जीवनशैली को बड़ा कारण मान रहे हैं। पहले माना जाता था कि शराब का सेवन करने से ही अधिकांश लिवर खराब होता है। लेकिन, अब ऐसा नहीं है, सामान्य लोगों में भी तेजी से यह समस्या बढ़ रही है। किसी सामान्य व्यक्ति के लिवर में फैट की मात्रा सामान्य या फिर न के बराबर होती है।
लेकिन, जब कोशिकाओं में फैट जमने लगता है तो धीरे-धीरे लिवर में सूजन आ जाती है। इससे फैटी लिवर की समस्या होती है। इसमें कैलोरी की मात्रा फैट में तब्दील हो जाती है, जो लिवर की कोशिकाओं में जमने लगती है। यह समस्या अधिक गंभीर होने पर लिवर के क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है।
जब शरीर में वसा की मात्रा लिवर के वजन से 10 प्रतिशत तक बढ़ जाती है तो फैटी लिवर में बदल जाता है। इनमें अधिकांश मामलों में पीड़ित को पता ही नहीं होता है कि वे इस बीमारी से पीड़ित हो चुका है। जीएमसी जम्मू के प्रिंसिपल डा. आशुतोष गुप्ता का कहना है कि खानपान और जीवनशैली को संतुलित बनाकर लिवर फैटी की समस्या से बचा जा सकता है। इसके लक्षण मिलने पर तुरंत डाक्टरी सलाह ली जानी चाहिए।
-
अस्पतालों में फाइब्रोस्केन जांच की दरकार
जहां एक ओर प्रदेश में लिवर फैटी की समस्या तेजी से बढ़ रही है, वहीं सरकारी अस्पतालों में लगभग जगहों पर फाइब्रोस्केन (विशेष अल्ट्रासाउंड) जांच की सुविधा नहीं है। इस जांच से पता चलता है कि पीड़ित का लिवर कितना क्षतिग्रस्त हो चुका है। निजी क्लीनिकों में फाइब्रोस्केन 4-5 हजार रुपये में होता है।
लक्षण
-फैटी लिवर होने पर लिवर के हिस्से में सूजन आ जाती है
-पीड़ित होने पर शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती। इससे थकावट महसूस होती है
-ध्यान केंद्रित करने में समस्या होती है और कमजोरी का अहसास होता है
-वजन का घटना या बढ़ना भी फैटी लिवर के लक्षण हैं
-लंबे समय तक दवाइयों का सेवन करने से लिवर फैटी की आशंका रहती
-वसायुक्त खानपान और मसालेदार भोजन का सेवन करने से लिवर फैटी होता
-पारिवारिक सदस्यों में फैटी लिवर की समस्या होने पर अन्य सदस्यों में भी आशंका रहती