अतिक्रमण, मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध खनन से बढ़ रहा अपराध
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जो चिंता का विषय है। इसके लिए सब शहरवासियों के एकजुट होने की जरूरत है। यह बातें पूर्व मेयर एवं ऑल इंडिया मेयर काउंसिल के पूर्व महासचिव राजिंद्र शर्मा ने महाराजा हरि सिंह प्रतिमा के पास आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।
उन्होंने आपराधिक गतिविधियों पर निर्णायक कार्रवाई करने का आह्वान किया। पुलिस और राजस्व दोनों विभागों में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने दिनदहाड़े हत्या और लूट की हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिस पर सुरक्षा जांच की आड़ में निर्दोष नागरिकों को नियमित रूप से परेशान करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया। विजयपुर, सुपवाल, बाड़ी ब्राह्मणा, बलोल नाला और रिंग रोड जैसे क्षेत्रों में भूमि स्वामित्व पर सरकारी रिपोर्ट की मांग की। इस मौके पर अशोक सिंह मन्हास, अनिल कुमार, सुनीता गुप्ता, तृप्ता देवी, गुरमीत कौर और अन्य मौजूद रहे।