चुनाव के लिए दोनों टीमों ने तेज किया जनसंपर्क, कारोबारियों से बात कर किए जा रहे वादे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव को लेकर प्रचार और जनसंपर्क दोनों टीमों ने तेज कर दिया है। निवर्तमान अध्यक्ष और फिर से मैदान में उतरे अरुण गुप्ता के सामने जहां व्यापारियों को अपने पक्ष में करने की चुनौती है। वहीं, अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राकेश की टीम ने पुराने मुद्दों पर वर्तमान कार्यकारिणी की तरफ से की गई कार्रवाई को अपनी रणनीति में शामिल किया है।
हाल यह है कि पिछले चुनाव का घोषणा पत्र कहां है, इसमें कौन सी घोषणाएं पूरी हुईं या नहीं हुईं। इसकी जानकारी देने से दोनों टीमें कतरा रही हैं। शहर में व्यापारियों के सामने जहां फ्रूट मंडी के 1500 से अधिक दुकानों की लीज डीड न होने पाने की समस्या गंभीर है। वहीं, पुराने उद्योगों के लिए इंसेंटिव के भुगतान सहित गांधी नगर में संपत्ति बंटवारे को लेकर सोसायटी व विभागीय दांव पेंच ने मामले को उलझा रखा है।
इससे यहां रहने वाले लोगों में पारिवारिक संपत्ति का विभाजन कई वर्षों से लटका है। इन समस्याओं को लेकर जहां व्यापारी बीते वर्षोंं से अपनी बात रख रहे हैं लेकिन निस्तारण शून्य है। ऐसे में वर्तमान में जो कार्यकारिणी कार्यरत थी उसके सामने यह ज्वलंत सवाल उठने लगे हैं।
घर-घर जाकर दोनों टीमें प्रचार कर अपने पक्ष में समर्थन देने की अपील कर रही हैं। पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता की टीम का कहना था कि सवाल व्यापारियों के मुख्य मुद्दों पर पूछे जाएंगे। आखिर व्यापारी कब तक अपनी समस्याओं के निस्तारण का इंतजार करेगा। इसको लेकर अपनी बात रख रहे हैं।
चुनाव में दो वर्ष में कराए गए विकास कार्यक्रमों, समस्याओं के निस्तारण के लिए हुए प्रयासों का लेखा जोखा भी रखेंगे।
-
घोषणा पत्र तो बदलते रहते हैं, पुराने वाले से अब क्या मतलब
निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने बताया कि चुनाव में जो भी मुद्दे सामने आ रहे हैं, उनका रणनीतिक दृष्टि से समाधान कराया जाएगा। बीते दो वर्ष में चैंबर की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी व्यापारियों को दे रहे हैं। विश्वास है कि व्यापारी हमारे कार्यों को समझकर हमारा समर्थन करेंगे। उस घोषणा पत्र के बाद कई बदलाव हुए हैं। इनके बारे में अभी जानकारी नहीं दे सकते।
राकेश की टीम के पास भी नहीं है पिछले कार्यकाल का घोषणा पत्र
चैंबर चुनाव में दोनों टीमें एक-दूसरे की रणनीति पर नजर रख रही हैं। अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे राकेश गुप्ता की टीम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मैदान में उतरे दीपक अग्रवाल ने कहा उनके पास न तो अपना है और न ही सामने वाली टीम का घोषणा पत्र है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि आम व्यापारी कैसे समझेगा कि कौन से मुद्दे हल हुए कौन से रह गए हैं।