अरुण गुप्ता ने गांधी नगर, छन्नी हिम्मत और नानक नगर व राकेश गुप्ता ने फ्रूट मंडी में व्यापारियों से की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के द्विवार्षिक चुनाव में नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने प्रचार तेज कर दिया है। शनिवार को निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता व पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने जनसंपर्क शुरू किया। कारोबारियों के घरों में जाकर समर्थन की अपील की। वहीं, हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से करने का आश्वासन दिया।
निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने शनिवार को गांधी नगर, छन्नी हिम्मत और नानक नगर में अपने समर्थक व्यापारियों के घर जाकर मुलाकात की। इस दौरान चुनाव प्रबंधन सहित मुख्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। निवर्तमान अध्यक्ष ने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा फ्रूट मंडी में व्यापारियों की लीज डेट बढ़ाने का है।
इसे लेकर फ्रूट मंडी के दुकानदारों से व्यक्तिगत संपर्क कर रहे हैं। इस बार इस समस्या का समाधान करवाकर ही दम लेंगे। अभी मतदान में काफी समय है, तब तक हम पूरी तरह सभी एसोसिएशन के सदस्यों से संपर्क साधने में कामयाब होंगे।
-
पूर्व अध्यक्ष ने फ्रूट मंडी जाकर किया संपर्क
पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने फ्रूट मंडी पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की। इसमें लीज डेट के मुद्दे पर उनकी समस्या, बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से व्यापारियों की पीड़ा को वह समझने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्व में भी उन्होंने व्यापारियों के हितों को कभी दबने नहीं दिया। इस बार पूरा फोकस है कि जो समस्याएं गंभीर हैं उनका प्रशासनिक या विभागीय स्तर पर निस्तारण कराया जाए।
-
58 बड़ी एसोसिएशन के हित व विरोध को साधना चुनौतीपूर्ण
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव में सूचीबद्ध 58 ऐसे बड़े एसोसिएशन या व्यापारिक संगठन हैं, जिनसे संपर्क साधना संभावित प्रत्याशियों के लिए चुनौतीपूर्ण है। 2800 से अधिक मतदाता इस चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव पर राजनीतिक दलों सहित क्षेत्रीय संगठनों की भी नजर है। कौन किस गुट के साथ है, यह कहना काफी मुश्किल व चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में चुनाव मैदान में निवर्तमान अध्यक्ष व पूर्व अध्यक्ष के बीच कांटे का मुकाबला होने से एक-एक वोट कीमती होगा।