चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव: छह और संभावित प्रत्याशियों ने लिए नामांकन पत्र
चार दिन में आंकड़ा पहुंचा दस, 11 अप्रैल है नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। मंगलवार को चौथे दिन छह और संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिए हैं, जिसके साथ ही अब तक 10 नामांकन पत्र लिए जा चुके हैं। 11 अप्रैल नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि है। उधर, निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता तीसरी बार चुनाव मैदान में ताल ठोंकने के लिए तैयार हैं।
उनका कहना है कि कई अहम मुद्दे हैं और समस्याएं हैं, जिनका व्यापारिक हितों में निस्तारण किया जाना जरूरी है। नामांकन पत्रों की बिक्री जहां तेजी पकड़ चुकी है, वहीं अब तक एक भी संभावित प्रत्याशी ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया है। अब नामांकन पत्र जमा करने के लिए मात्र तीन ही दिन शेष है। इससे जाहिर है कि आगामी दिनों में नामांकन पत्र लेने और जमा करने की होड़ रहेगी।
अंदरखाते सभी राजनीतिक पार्टियां चैंबर चुनाव पर नजर रख रही हैं और अपने-अपने लोगों को मैदान में उतारने की रणनीति बना रही हैं। निवर्तमान अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने बताया कि अपने दोनों कार्यकाल में व्यापारिक हितों के लिए काम किया है। अभी फ्रूट मंडी व सब्जी मंडी में दुकानों के लीज एग्रीमेंट खत्म होने के बाद लीज डेट बढ़ाने की मांग को पूरा कराना है। चुनाव संगठन के तौर पर काफी बड़ा है। लोगों की निगाहें निश्चित तौर पर इस पर हैं।
चैंबर में 3000 हजार सदस्य, 20 से अधिक बड़े संगठन
चैंबर चुनाव में जम्मू संभाग के 20 से अधिक बड़े संगठन और एसोसिएशन के 3000 सदस्य मतदान में भाग लेंगे। इसे लेकर राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि भी संपर्क में बने हुए हैं। यह चुनाव व्यापारिक हितों के लिए लड़ने वाले प्रमुख संगठनों में से एक है, जिसमें संभाग के व्यापारियों की भूमिका अहम है।
-
इन पदों के लिए लिए गए पर्चे
चुनाव अधिकारी शिव प्रताप गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को छह नामांकन पत्र लिए गए हैं। इसमें अध्यक्ष, सीनियर वाइस प्रेसीडेंट, जूनियर वाइस प्रेसीडेंट, जनरल सेक्रेटरी व कोषाध्यक्ष पदों से संबंधित हैं। अभी तक कोई पर्चा जमा नहीं किया गया है।