प्रक्षिशण के दौरान राइफल फायरिंग का अभ्यास करतीं बालिका कैडेट स्रोत - सेना
- एनसीसी अकादमी में बालिका कैडेटों के लिए प्रशिक्षण शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी (एनटीए), नगरोटा में वीरवार से बालिका कैडेटों के लिए संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी) शुरू हुआ। शिविर का आयोजन जम्मू-कश्मीर गर्ल्स बटालियन, एनसीसी श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है, जो 26 अप्रैल तक चलेगा। शिविर में बालिका कैडेटों को राइफल चलाने से लेकर एआई तक प्रक्षिशण दिया जाएगा।
कर्नल एसपी तिवारी की देखरेख में आयोजित इस शिविर में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग क्षेत्रों के करीब 450 बालिका कैडेट भाग ले रही हैं। शिविर का उद्देश्य गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2026 के लिए सर्वश्रेष्ठ कैडेट और एसएनआईसी, श्रीनगर 2025 के लिए सांस्कृतिक टीम का चयन करना है।
साथ ही थल सैनिक प्रतियोगिता, शूटिंग प्रतियोगिता के लिए श्रीनगर समूह की टीम का चयन भी किया जाएगा। सेना के जन संपर्क अधिकारी सुनील बर्तवाल ने बताया कि शिविर में कैडेटों के लिए शारीरिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिनमें ड्रिल अभ्यास, राइफल फायरिंग, बाधा दौड़ सिखाने के साथ अग्निशमन और आपदा प्रबंधन पर व्यावहारिक प्रदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे।