कोरोना संक्रमण के दो साल बाद स्कूल पहुंचे बच्चों में भावनात्मक और व्यवहारिक स्तर पर तनाव, चिंता और भय का माहौल है। इन परिस्थितियों को दूर करने और बच्चों को तनाव मुक्त माहौल देने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने जिला और क्षेत्रीय परामर्श समन्वयक को तैनात किया है। परामर्श समन्वयक छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, बाल संरक्षण और कॅरियर विकास को सुनिश्चित करेंगे। जिससे बच्चों का समग्र विकास हो सकेगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने मनोविज्ञान में प्रासंगिक योग्यता एवं अनुभव रखने वाले शैक्षिक कर्मचारियों को परामर्श समन्वयक के रूप में नामित किया है। जिसमें 20 जिला और 98 क्षेत्रीय परामर्श समन्वयक होंगे। नामित समन्वयक अपने नियमित काम के अलावा स्कूल में परामर्श गतिविधियों के समन्वय के लिए भी काम करेंगे, ताकि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाकर सरकार की मनोदर्पण पहल को जमीनी स्तर पर लागू किया जा सके।
ये करेंगे समन्वयक
समन्वयक स्कूलों में काउंसिलिंग गतिविधियों का कैलेंडर लागू करेंगे, जिसमें मनोवैज्ञानिक, प्राथमिक चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य, नशीली दवाओं के दुरुपयोग, बाल संरक्षण, कॅरियर परामर्श, सामाजिक मुद्दों के प्रति बच्चों को जागरूक किया जाएगा। जम्मू स्कूल शिक्षा निदेश डॉ. रविशंकर शर्मा ने कहा कि इन परामर्शदाताओं के कौशल विकास के लिए भविष्य में इन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।