क्लस्टर विश्वविद्यालय ने हासिल की महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। विवि को बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) और बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) कार्यक्रमों के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से मंजूरी मिली है।
यह कार्यक्रम विवि के घटक कॉलेजों में दो दशकों से सफलतापूर्वक चल रहे हैं। अब एसपीएमआर कॉलेज और एमएएम कॉलेज में बीबीए के लिए कुल 180 सीटें होंगी जबकि एसपीएमआर कॉलेज, जीजीएम साइंस कॉलेज और एमएएम कॉलेज में बीसीए के लिए 240 सीटें शामिल हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए अतिरिक्त 10 फीसदी सीट आरक्षण भी शामिल है।
क्लस्टर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. केएस चंद्रशेखर ने इसे एक एतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह मान्यता न केवल हमारे द्वारा बनाए गए शैक्षणिक मानकों को मान्य प्रदान करती है, बल्कि हमारे कार्यक्रमों को राष्ट्रीय मानदंडों के साथ जोड़ती है। इससे हमारे छात्रों के लिए अवसर बढ़ेंगे।