दे कोठी घो मन्हासा का मामला, रिंग रोड से आए थे बाइक सवार तीन युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। पौनी चक पुलिस चौकी के अंतर्गत पूर्ण दे कोठी घो मन्हासा से एक ट्रैक्टर चोरी हो गया। पीड़ित बोधराज ने बताया कि ट्रैक्टर को सोमवार रात को घर के आंगन में खड़ा किया था। मंगलवार की सुबह वह गायब था। चोरी की यह वारदात कैमरे में कैद हुई है।
इसके अनुसार सोमवार रात एक बजे के आसपास रिंग रोड की तरफ से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए थे। दो युवक बाइक से उतरे और ट्रैक्टर लेकर रिंग रोड की तरफ से फरार हो गए। बाइक चालक बाइक लेकर आगे आगे चल रहा था। ट्रैक्टर के साथ हल भी लगी थी। उसको भी चोर साथ ले गए।
छह महीने पहले ही बैंक केस करके सात लाख का ट्रैक्टर लिया था। इसमें उन्होंने 3 लाख नकद और 4 लाख का बैंक केस करवाया था। सोमवार दिन को ट्रैक्टर की पहली किस्त दी थी और रात को ट्रैक्टर चोरी हो गया।
पौनी चक पुलिस चौकी प्रभारी विजय गोस्वामी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति के द्वारा ट्रैक्टर चोरी का लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस ने जाकर घटना की जानकारी प्राप्त की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। तत्काल आसपास के थाने को घटना की सूचना दे दी गई है।