संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। मढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संग्रामपुर गांव में सामुदायिक भवन का निर्माण आठ साल बाद भी अधूरा है। ढांचा तैयार करने के बाद विभाग अन्य निर्माण करना भूल गया है, जिस कारण लोगों में प्रशासन और सरकार के प्रति रोष है।
उन्होंने सरकार से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने की अपील की है। मॉडल विलेज योजना के तहत संग्रामपुर गांव के विकास के लिए 2015 में सरकार ने 1.25 करोड़ की राशि जारी की थी।
इसमें से 21.75 लाख रुपये सामुदायिक भवन बनाने के लिए दिए गए थे।
2017 में तीन मंत्रियों सुखनंदन चौधरी, अब्दुल हक और अब्दुल गनी कोहली ने काम शुरू करवाया था। लेकिन, आठ साल बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। आधे से ज्यादा कार्य अधूरा पड़ा है।
सामुदायिक भवन का ढांचा तो तैयार है, लेकिन अन्य कार्य पूर्ण करना विभाग भूल गया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण कई बार बीडीओ और एसीडी कार्यालय में शिकायत कर चुके है। आठ साल में नौ बीडीओ अधिकारी बदल चुके हैं, लेकिन आजतक स्थिति जस के तस है। इससे स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने कदम उठाने की अपील की है।