स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 10 करोड़ से हो रहा जीर्णोद्धार, मार्च में कार्य पूरा करने का दावा
मौजूदा समय में यात्री शेड का चल रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्मार्ट सिटी परियाेजना के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से बावे वाली माता (काली माता) मंदिर का जीणोद्धार कार्य जारी है। परियोजना के जीएम राजेश अबरोल ने चैत्र नवरात्र से पहले मार्च में काम पूरा करने का दावा किया है।
मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इस कारण स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मंदिरों को संवारा जा रहा है। मंदिर में नई टाइलें लगाने और यात्री शेड का काम जारी है। हालांकि, यह कार्य शार्दीय नवरात्र से पहले पूरा करना था, लेकिन टेंडरिंग समय पर न होने के कारण बाधा आई।
अब काम को पूरा करने की समयसीमा मार्च तय की गई है। इसके बाद श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। मंदिर को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
अप्रैल 2023 में शुरू हुआ था काम
मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य अप्रैल 2023 को शुरू हुआ था, जिसे अप्रैल 2024 में पूरा किया जाना था। इसके बाद सितंबर माह में डेडलाइन निर्धारित की गई थी। अब शेष बचे कार्य को मार्च तक पूरा करना है।
ये हो चुके हैं कार्य
मंदिर परिसर में वाटर एटीएम की सुविधा दी गई है। अंदर और बाहर मरम्मत की गई है। नए सिरे से टाइल लगाई गई हैं। लंगर शेड का जीर्णोद्धार किया गया है। मंदिर के बाहर पार्किंग स्थल का निर्माण किया गया है।
कोट
मंदिर में जीर्णोद्धार पर काम तेज गति से करवाया जा रहा है। चैत्र नवरात्र से पहले काम पूरा कर लिया जाएगा। मौजूदा समय में शेड और टाइल बिछाने पर काम जारी है।
- राजेश अबरोल, जीएम, स्मार्ट सिटी