लाखों रुपये का नुकसान, पटाखों से निकली चिंगारी रही कारण
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। दिवाली पर शहरभर में 11 स्थानों पर आग लगी है। इस दौरान लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सभी जगह पटाखों से निकली चिंगारी ही मुख्य कारण रही है।
तोप प्लोड़ा और नरवाल में भयंकर आग लगी, जिससे दुकानों और रिहायशी इलाकों को खतरा हो गया था। लेकिन, समय रहते दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इसके अलावा वुमन कॉलेज गांधी नगर के पास एक घर में रखे फर्नीचर में पटाखों के चलते आग लग गई।
सूचना के बाद दमकल वाहनों की मदद से काबू पाया गया। इसी तरह अंबफला में रखे कबाड़ शुक्रवार देर रात करीब एक बजे आग लगी, जिस पर दो बजे काबू पाया गया। इसी तरह सर्कुलर रोड में खुले इलाके में रखी लकड़ी जल गई।
मल्होत्रा गली में घर के आगे रखे कबाड़ में आग लगी। कर्ण नगर गली में नगर निगम की डंपिंग साइट में आग लगी। यह घटना रात करीब दो बजे की है। आतिशबाजी के कारण बिक्रम नगर रिहाड़ी में टावर की तारें जल गईं। यह घटना रात करीब एक की है।
वहीं, रानी पार्क क्षेत्र में पुराने फर्नीचर में तीन बजे, जैन बाजार में घर में रखे फर्नीचर में आग लगी। दुर्गा नगर में सरकारी भूमि पर बेकार पड़े सामान में आग लगी। शहर में 11 जगह आग लगने की घटनों के चलते रातभर दमकल विभाग के वाहन व्यस्त रहे। दमकल विभाग के अनुसार दिवाली की रात पर आग लगने के कारण लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।