वसंत पंचमी पर मथवार स्थित देवस्थान में धूमधाम से मनाया गया 712वां जन्मदिन
श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य पुजारी की मौजूदगी में हुआ हवन
हेलिकॉप्टर से देवस्थान पर की गई पुष्प वर्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। वसंत पंचमी पर मथवार स्थित बाबा बल्लो जी देवस्थान में दिनभर आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। इस दौरान बाबा बल्लो का 712वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य पुजारी और देवस्थान के प्रमुख सेवक बाबा यशपाल शर्मा की मौजूदगी में हवन यज्ञ किया गया। इसमें आहुतियां डालकर विश्व सहित प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की गई।
धार्मिक कार्यक्रम के लिए देवस्थान में श्रद्धालुओं का पहुंचना रविवार अलसुबह से ही शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। हेलिकॉप्टर द्वारा देव स्थान के कई चक्कर काटकर की गई पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए थे।
पूजा-अर्चना के दौरान दरबार और क्षेत्र बाबा बल्लो देव के जयकारों के साथ गूंज उठा। श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। महंत यशपाल ने बताया कि बाबा बल्लो और उनकी माता के जन्मदिन पर देशभर से लोग पहुंचते हैं। दिनभर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
धार्मिक कार्यक्रम में डीआईजी शिव कुमार, राजेश्वर सिंह, अध्यक्ष लोक सेवा आयोग एके चौधरी, पूर्व डीजीपी दिलबाग सिंह, सचिव प्रिंसिपल कमिश्नर संजीव वर्मा, जस्टिस राहुल भारती, राहत आयुक्त विजय कुमार, एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह, एसएसपी मुनीश आनंद, तहसीलदार भलवाल मोनिका शर्मा, एसडीपीओ अखनूर विरेंद्र गुप्ता, सेवानिवृत्त एसएसपी मोहन लाल कैथ, भाजपा नेता दिव्यानी राणा, पूर्व मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, पूर्व मंत्री लाल सिंह, चेयरमैन टीम जम्मू जोरावर सिंह ने भी हाजिरी लगाई।
वसंत पंचमी दो को होने पर बाबा और उनकी माता का एक साथ मना जन्मोत्सव
वसंत पंचमी पर बाबा बल्लो देव और दो फरवरी को उनकी माता का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है। लेकिन, इस बार वसंत पंचमी दो फरवरी को आई है। इस कारण दोनों का जन्मोत्सव एक ही दिन मनाया गया। इस दौरान कई धार्मिक कार्यक्रम हुए।
मां वैष्णो देवी के मंदिर की तर्ज पर सजाया गया था देवस्थान
देवस्थान को को कई दिन पूर्व माता वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर विशेष प्रकार के फूलों के सजाया गया था। लाखों भक्तजन इस दिन देव स्थान में उपस्थित होकर अपने देव के प्रति श्रद्धा भक्ति अर्पित करते हैं। पावन स्थान में सुबह 10 बजे हवन पूजन किया गया। इस दौरान जम्मू से आए हुए प्रसिद्ध गायकों ने महिमा का गुणगान किया।