शहर सहित जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया महाशिवरात्रि का पर्व, जगह-जगह लगे लंगर व स्वास्थ्य जांच शिविर
सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन-कीर्तन गाती मंडलियां और देर रात गौरा-शिव का हुआ विवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भागवान भोलेनाथ और माता गौरा के विवाह का पर्व महाशिवरात्रि बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। भोर से लेकर रात तक हर-हर महादेव के उद्घोष से शहर के शिवालय शिवमय रहे। मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें, जगह-जगह लंगर, स्वास्थ्य शिविरों में निशुल्क जांच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महादेव के विवाह की खुशियां मनाई गईं। देर रात भजन-कीर्तन गातीं मंडलियां, झूमते भक्तों ने महादेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कहीं जलाभिषेक तो कहीं दुग्धाभिषेक का सिलसिला लगातार, दिनभर चला।
रूपनगर के आप शंभू मंदिर, शालामार में श्री रणबीरेश्वर मंदिर, पंजवक्त्र महादेव और पीरखो मंदिर परिसर और इसके आसपास के इलाकों में मेले जैसा माहौल रहा। पीरखो मंदिर में मेले के दूसरे दिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। शहर के हर इलाके में पार्क के आसपास बने मंदिरों में भी पूजन-कीर्तन दिन भर चला।
पीरखो में आस्था और मनोरंजन का संगम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से घुला भक्ति का रंग
पीरखो शिवमंदिर में रविवार की मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरु हो गया था। सोमवार को दिन भर कतारें लगी रहीं। पीरखो में चल रहे मेले में महाशिवरात्रि को आस्था और मनोरंजन देखने के मिला। भोर से लगी कतारें, भोलेनाथ की पूजा का क्रम दिन भर चला। मेले में फूड स्टॉल, झूलों का लुत्फ भी श्रद्धालुओं ने खूब उठाया। दूसरे दिन की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रवि रघुवंशी की प्रस्तुति खास रही। मेले में दूसरे दिन शहर के गणमान्य लोग पहुंचे और यह सिलसिला दिन भर जारी रहा। सांसद जुगल किशोर शर्मा, विधायक युद्धवीर सेठ, निदेशक पर्यटन विकास गुप्ता भी मौजूद रहे। सजे पीर खो मंदिर में भक्ति मंत्रों और सांस्कृतिक प्रदर्शनों की गूंज रही।
शिवखोड़ी यात्रा के लिए बसें रवाना, निकली शोभायात्रा
शिव शक्ति ट्रस्ट की ओर से जम्मू से शिवखोड़ी के लिए बसों का भी प्रबंध किया गया था। पुराने शहर में बुधवार की सुबह झांकी भी निकाली गई। भभूत उड़ाते श्रद्धालु, नाचते-गाते कलाकारों की टीम ने भूत-प्रेत, औघड़ों का रूप धर रखा था।
गूंजे मंत्रोच्चारण, छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति और देर रात सम्पन्न हुआ विवाह
पंजवक्त्र महादेव मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव देर रात शिव पार्वती विवाह के साथ संपन्न हुआ। पर्यटन निदेशालय, जम्मू और जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति और भाषा अकादमी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु और कला प्रेमी शामिल हुए। अंतिम दिन दिन भर अनुष्ठान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां खास रहीं। छऊ नृत्य की प्रस्तुति खास रही।
शास्त्रीय गायक डॉ. राकेश कलोत्रा ने अपने अर्ध-शास्त्रीय भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें बांसुरी पर श्री राकेश आनंद, पखावज पर गुरु परषोत्तम कुमार, तबले पर डॉ. विनय और वायलिन पर इंजीनियर अमरजीत सिंह ने शानदार संगत की। पंजवक्त्र महादेव वेद पाठशाला के छात्रों ने वैदिक पाठ किया। पाठशाला के ही छात्रों ने छऊ के विशेषज्ञ शिवन गुप्ता के निर्देशन में नृत्य प्रस्तुत किया। महोत्सव का समापन जंगम समुदाय द्वारा किए गए शुभ शिव विवाह समारोह के साथ हुआ।
पक्की-डक्की में रही पर्व की धूम
मां परमेश्वरी कालिका धाम मंदिर पक्की डक्की में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर लिए जलाभिषेक करते हुए सत्संग भजन कीर्तन का आनंद लिया। मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर लंगर का आयोजन भी किया गया।
यहां भी हुआ अभिषेक और पूजन
स्काॅस्ट जम्मू के मुख्य परिसर में वैदिक मंत्रों के जाप के साथ हवन पूजन हुआ। इस मौके पर डॉ. विकास शर्मा, डॉ. विवेक एम. आर्य, डॉ. पीके राय, एस. कमलदीप सिंह समेत अन्य की मौजूदगी में महाशिवरात्रि की पूजा की गई। सभी शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और छात्रों ने भगवान शिव को नमन किया, आशीर्वाद मांगा। पूजा के बाद विशाल भंडारा का भी आयोजन किया गया।
कैबिनेट मंत्री, पूर्व मेयर समेत ट्रेडर्स एसोसिएशन ने की प्रार्थना
महाशिवरात्रि पर कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा, जम्मू के पूर्व मेयर राजिंदर शर्मा, नीरज आनंद समेत चैंबर ऑफ ट्रेडर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने रूपनगर स्थित पूज्य आप शंभू मंदिर में पूजा-अर्चना की और लोगों की शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।