20 जनवरी को हुए मामले को सुलझाने का दावा, हथियार बरामद, कार जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। पुलिस ने रिंग रोड चट्ठा गुजरां मामले को सुलझाने का दावा किया है। वहीं, मामले में तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल कार को भी जब्त किया गया है।
इस संबंध में कानाचक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। 20 जनवरी को बार्डर पुलिस पोस्ट गजनसू के अंतर्गत रिंग रोड चट्ठा गुजरां में वाहन को लेकर कुछ लोगों में विवाद हुआ था। इसमें दोनों गुटों में मारपीट भी हुई थी। हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया है। इस संबंध में एक पक्ष ने थाने में मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद बार्डर पुलिस पोस्ट गजनसू की एक टीम ने एसएचओ कानाचक की देखरेख में जांच शुरू की। इसी के मद्देनजर वीरवार को मामले में शामिल तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार उर्फ गेशा निवासी वार्ड एक कश्मीरी मोहल्ला अखनूर, अजय कुमार उर्फ जग्गू निवासी कुटू चक और सुरजीत सिंह उर्फ शिट्टू निवासी टीसीपी खारियां मीरां साहिब के रूप में हुई है।
वहीं, उनके कब्जे से एक डबल बैरल बंदूक, तीन टोके, एक बेसबॉल बैट और दो बांस के डंडे बरामद हुए हैं। साथ ही अपराध में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है।