शहर के बख्शीनगर इलाके में मंगलवार देर रात की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर के बख्शी नगर इलाके में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर 100 से 120 तोले सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को बलदेव सिंह निवासी बख्शीनगर के घर में चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि रात को कोई पुरुष घर में मौजूद नहीं था। मंगलवार रात करीब एक बजे घर में मौजूद महिलाओं को कुछ आवाजें सुनाई दीं। उन्हें लगा कि शायद बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। कुछ देर तक आवाजें बंद नहीं हुई तो उन्होंने पूछताछ की।
हड़बड़ाहट में कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा था। बेड और अलमारी खुली थी। घर में रखे 100 से 120 तोले के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। बार्डर पर तनाव की वजह से अखनूर निवासी रिश्तेदारों ने यहां आभूषण रखे थे। इन्हें बैंक लॉकर में जमा करवाना था। लेकिन, इससे पहले ही वारदात को अंजाम दिया गया।
परिवार की महिलाओं ने बताया कि चोरों ने पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की तार काटी और उसके बाद दीवार फांद कर अंदर घुसे। इसके बाद बाहर की सीढि़यों से होते हुए छत के कमरे में पहुंचे। बख्शी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
...........................................
मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता के मद्देनजर रखते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है।
-सतीश भारद्वाज, एसडीपीओ, सिटी वेस्ट