बशीर से मिलने बठिंडी जाते समय पकड़े गए थे दलजोत और अमन
फ्लाएं मंडाल गोलीकांड में ये वांछित हैं, अभी पुलिस की पकड़ से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मीरां साहिब में गिरफ्तार गैंगस्टरों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इनसे पूछताछ में कुछ अहम खुलासे भी हुए हैं। गैंगस्टर जम्मू के बठिंडी जा रहे थे, जहां इन्हें बशीर नाम के गैंगस्टर से मिलना था। बशीर फ्लाएं मंडाल गोलीकांड का वांछित है, जो पुलिस की पकड़ से बाहर है।
ये भी जानकारी मिली है कि गैंगस्टर दलजोत सिंह सुपारी किलर है, जिस पर तीन मामले दर्ज हैं। इसके साथी अमन सिंह पर भी कठुआ में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। बता दें कि फ्लाएं मंडाल गोलीकांड में पांच आरोपियों की पहचान हो चुकी है। इनमें दलजोत सिंह, अमन सिंह और विशाल गिरफ्तार हैं। वहीं, बशीर और नान बच्चा अभी गिरफ्त से बाहर हैं।
पूछताछ में पता चला है कि गैंगस्टर दलजोत सिंह छोटू ग्रुप के साथ चलता है, जिसकी गुगली ग्रुप के साथ पुरानी रंजिश है। इसी के चलते दलजोत सिंह ने फ्लाएं मंडाल में अरुण चौधरी पर गोली चलाई थी। एसएचओ मीरां साहिब जेपी शर्मा का कहना है कि आरोपी अरुण चौधरी पर बड़ा हमला करने आए थे। वह किसी तरह से बच गया। जब ये उसे कुछ नहीं कर पाए तो इन लोगों ने गोलियां चलाकर और कारों के शीशे तोड़कर ये संदेश देने की कोशिश की कि वह गुगली ग्रुप के साथ मिलना जुलना बंद कर दे।
सतवारी पुलिस भी लेगी कस्टडी
मीरां साहिब में गिरफ्तार गैंगस्टरों को सतवारी पुलिस भी कस्टडी में लेगी। क्योंकि, ये दोनों सतवारी थाने में दर्ज फ्लाएं मंडाल गोलीकांड के आरोपी हैं। इन लोगों ने मीरां साहिब क्षेत्र में पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इसका मामला मीरां साहिब में दर्ज है। इसलिए पहले यहां पूछताछ होगी। इसके बाद सतवारी पुलिस पूछताछ करेगी।