अपराध शाखा ने उस्ताद मोहल्ला स्थित घर में दो घंटे तक जांच की, दस्तावेज जुटाए
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में उस्ताद मोहल्ला निवासी सरकारी शिक्षक जमील अंजुम के घर अपराध शाखा जम्मू ने वीरवार को छापा मारा। करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई और दस्तावेज भी जुटाए गए। आरोपी के खिलाफ पक्का डंगा थाने में दस मामले दर्ज हैं, और थाने ने हिस्ट्रीशीट भी तैयार की है।
अब अपराध शाखा ने भी आरोपी के खिलाफ व्यक्तिगत फाइल खोली है। वीरवार को टीम पक्का डंगा पुलिस के साथ आरोपी के घर पहुंची। न्यायालय से वारंट लेने के बाद घर की तलाशी ली गई और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित किए गए। मामला दर्ज होने के बाद भी जमील इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा। इस संबंध में अपराध शाखा जम्मू में गुज्जर नगर निवासी राशिद मन्हास ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया था कि जमील ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण लिए थे। आरोपी ने उसकी बहन को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा है। न तो नौकरी मिली और न ही पैसा वापस किया गया। मामले की जांच कर रही अपराध शाखा को पता चला कि आरोपी साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और प्रतिरूपण के कई मामलों में शामिल है।
उसके खिलाफ दर्ज सात अन्य मामलों की जांच भी चल रही है। वीरवार को सुबह ही क्राइम ब्रांच की टीम जमील के घर पहुंची थी।