जनवरी में तस्करी के 44 में 28 केस ग्रामीण क्षेत्रों में दर्ज हुए, नगरोटा व दोमाना में हो रही सबसे अधिक पशु तस्करी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पशु तस्करी, नशा तस्करी और अवैध खनन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं। ये सब ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वाधिक हो रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि जनवरी माह में 44 मामले दर्ज हुए, जिनमें 28 ग्रामीण क्षेत्र के हैं। नगरोटा में पशु तस्करी सबसे अधिक हो रही है।
यूं कहें कि नगरोटा पुलिस तस्करों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है, क्याेंकि नगरोटा से होकर पशुओं को कश्मीर तक ले जाया जाता है। इसके अलावा बिश्नाह, दोमाना, मीरां साहिब में खनन और नशा तस्करी भी जमकर हो रही है। हालांकि, एसपी पुलिस मुख्यालय इरशाद राथर का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बहुत बढ़ी है। इसलिए अधिक मामलों को हल किया जा रहा है।
एक जनवरी को झज्जर कोटली में पशु तस्करी के दो मामले, जानीपुर में हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार, दो जनवरी को नगरोटा में पशु तस्करी, तीन जनवरी को बिश्नाह में दो नशा तस्कर गिरफ्तार, नगरोटा में पशु तस्करी के दो मामले, न्यू प्लाट सरकारी कर्मी गोलीकांड और चार जनवरी को सिद्धड़ा में हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसी प्रकार पांच जनवरी को दोमाना के पौनीचक में पशु तस्करी, छह जनवरी को अखनूर में पशु तस्करी, सात जनवरी को आरएस पुरा में हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार, झज्जर कोटली के मनवाल में पशु तस्करी, आठ जनवरी को दोमाना में चार वाहन खनन तस्करी में बरामद और नवाबाद में हेरोइन के साथ एक आरोपी को पकड़ा है।
नौ जनवरी को जानीपुर में हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार, 10 जनवरी को बिक्रम चौक में पशु तस्करी, खनन तस्करी फ्लाएं मंडाल, घरोटा में पशु तस्करी, 12 जनवरी को नगरोटा पशु तस्करी, दोमाना में पशु उठाने वाला पीएसए में बंद, 14 जनवरी छन्नी में नशा तस्करी, जानीपुर में महिला नशा तस्कर गिरफ्तार, नगरोटा में पशु तस्करी, नबाबाद में हेरोइन और ग्रेटर कैलाश में नशा तस्करी का मामला आया।
15 जनवरी को दोमाना नगरोटा में खनन तस्करी, 16 जनवरी को आरएस पुरा में नशा तस्करी में एक गिरफ्तार, नगरोटा में पशु तस्करी, झज्जर कोटली नशा तस्करी, 17 जनवरी को सैनिक कॉलोनी में टिंबर की तस्करी, बिश्नाह में पशु तस्करी, मीरां साहिब में पुलिस कर्मी समेत नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
18 से 31 जनवरी तक दर्ज हुए करीब 13 मामले
18 जनवरी को गांधी नगर और सतवारी में खनन तस्करी, 19 जनवरी को अखनूर में हेरोइन के साथ तेजधार हथियार बरामद, गांधी नगर में नशा तस्करी, राजीव नगर जम्मू में मां बेटा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। 20 जनवरी को बिश्नाह में नशा तस्कर, 23 जनवरी को आरएस पुरा में दो बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार व दोमाना में खनन तस्करी का मामला दर्ज हुआ। 25 जनवरी को मीरां साहिब में अवैध रूप से हथियारों के साथ एक गिरफ्तार, 27 जनवरी को बिश्नाह में कुख्यात अपराधी हेरोइन और हथियार के साथ गिरफ्तार, नगरोटा में पशु तस्करी, 31 जनवरी को बिश्नाह में पशु तस्करी और मीरां साहिब में गैंगस्टर गिरफ्तार हुए।
ग्रामीण क्षेत्रों से लाए जाते हैं पशु, खनन क्षेत्र भी यहीं
तस्करी के लिए पशुओं को ग्रामीण क्षेत्रों से ही लाया जाता है, जबकि खनन क्षेत्र भी ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में पशु तस्कर और खनन तस्कर ज्यादा सक्रिय हैं। इन इलाकों में यहां पशुओं के लिए वाहन जुटाना अधिक आसान है, वहीं रात के समय रिंग रोड समेत कई अन्य रोड खनन के लिए इस्तेमाल होते हैं।