फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: जम्मू में झपटमार का मुंह काला, सिर-मूंछ मुंडवाकर शहर में निकाला जुलूस

Sat, 12 Apr 2025 02:04 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जम्मू
विज्ञापन
विज्ञापन
झपटमार रियासी में एफिडेविट बनाने का काम करता था
विज्ञापन

आरोपी बोला - बीएससी पढ़ा हूं, यह मेरी पहली चोरी है

संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। पुराने शहर के लिंक रोड इलाके में एक महिला की कान की बालियां छीनकर भाग रहे झपटमार को लोगों ने पकड़कर सिर व मूंछ मुंडवाई और पूरे बाजार में घुमाया। पीड़ित महिला के परिवार वाले व स्थानीय लोगों ने जुलूस निकालते हुए आरोपी को पक्का डंगा पुलिस थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान रियासी निवासी विशाल सिंह के रूप में हुई है।
घटना शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे की है, जब एक महिला निशा देवी लिंक रोड पर दुकान से दूध लेकर घर वापस लौट रही थी। तभी एक व्यक्ति ने अचानक उसके कान की बालियों पर झपट्टा मारा और दौड़ने की बजाय तेज चलता हुआ लिंक रोड पर खड़ी अपनी बाइक के पास पहुंचकर भागने की कोशिश की। परंतु बाइक स्टार्ट नहीं हुई और महिला भी पीछा करते हुए उसके पास पहुंच गई। महिला ने उससे अपनी बालियों के बारे में पूछा तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने जब उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब से दोनों बालियां बरामद हुईं। इतनी देर में महिला के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन

घटना स्थल पर जमा भीड़ ने पहले आरोपी के मुंह पर ''''चोर'''' लिखा, फिर उसके सिर व मूंछ के आधे बाल कटवाए और उसे अर्धनंगा कर जुलूस निकालते हुए पक्का डंगा पुलिस थाना ले गई। घटना की जानकारी देते हुए महिला के बेटे हेमंत ने बताया, झपटमारी का पता चला तो हम वहां पहुंचे, तब तक लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया था और बालियां भी बरामद कर ली थीं। गुस्साए लोगों ने उसे पीटा नहीं, बल्कि उसके बाल कटवा दिए ताकि झपटमार को उसके किए का सबक मिल सके। पुलिस को भी सूचित किया, पर लोगों ने झपटमार को खुद थाने तक ले जाने का फैसला किया और उसे पैदल बाजारों में घुमाते हुए ले गए। हेमंत ने कहा कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और शिकायत भी दर्ज करवा दी गई है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि आरोपी दिखने में नशे का आदी लग रहा था और उसने झपटमारी भी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए ही की है। परंतु इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
लोगों ने जब झपटमार को पकड़ा तो उसने पूछने पर बताया, मैं रियासी का रहने वाला हूं। बीएससी तक पढ़ा हूं। दस साल से बेरोजगार हूं। पैसों की जरूरत थी और यह मेरी पहली चोरी है।

............

दुकानदारों बोले, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए
बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल न के बराबर है। पुराने शहर के बाजारों में रोजाना विभिन्न जगहों से हजारों की संख्या में लोग आते हैं। किसी की मंशा का कोई पता नहीं होता। इसीलिए कम से कम हर चौक पर पुलिसकर्मी तैनात होने चाहिए। लिंक रोड बाजार एसोसिएशन ने खुद से 26 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, जोकि अब नहीं चलते हैं। सरकार को भी इनका रखरखाव करने में मदद करनी चाहिए।
- राजिंद्र, दुकानदार, लिंक रोड

बाजार में पहले भी छीना-झपटी के मामले व महिलाओं के पर्स से चोरी होने के मामले होते रहते हैं। परंतु इतनी भीड़ होती है कि चोर को पहचानना नामुमकिन हो जाता है। हमारा बाजार शहर के मुख्य बाजारों में से है। इधर हर वक्त फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात रहनी चाहिए।
- धीरज, दुकानदार, लिंक रोड

प्रशासन को नागरिकों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगवाने चाहिए, ताकि हर पल की गतिविधि पर नजर रखी जा सके। जिस तरह से आए दिन बाजार में घटनाएं होती हैं, इससे आरोपियों की धर-पकड़ होगी और शरारती तत्वों में भी पकड़े जाने का डर रहेगा।
विज्ञापन

- सिद्धार्थ, स्थानीय निवासी, लिंक रोड
..................................
झपटमार का आपराधिक इतिहास
जम्मू में झपटमारी के आरोप में पकड़ा गया युवक विशाल सिंह राजपूत निवासी वार्ड नंबर एक रियासी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने उसे एक बार हेरोइन के साथ पकड़ा था, जिसका मामला पुलिस स्टेशन रियासी में दर्ज किया गया था। उक्त मामले का केस अब भी कोर्ट में है। विशाल कोर्ट के भीतर एफिडेविट बनाने का काम करता था। एक व्यक्ति ने बताया कि विशाल अक्सर लोगों से रुपये की मांग करता रहता था और बाद में वापस देने का वायदा करता था, लेकिन पैसे लेकर वह वापस नहीं लौटाता था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें