एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई, साल 2015 में हुई थी म्यूटेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सांबा के विजयपुर में जमीन के अवैध म्यूटेशन के मामले में तत्कालीन तहसीलदार व पटवारी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई आरोपों की जांच के बाद हुई है।
आरोपियों की पहचान तरसेम लाल तत्कालीन तहसीलदार विजयपुर, जससीन मलिक तत्कालीन पटवारी पटवार हलका गुड़ा सलाथिया और लाभार्थी रामेश्वर सिंह के रूप में हुई है। जांच में यह बात सामने आई कि कुछ खसरा नंबरों की भूमि राजकीय भूमि के रूप में दर्ज है। लेकिन, आरोपी अधिकारियों ने लाभार्थी को राजकीय भूमि से बेदखल करने के बजाय अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए म्यूटेशन क्रमांक 1102 (सेहत काश्त इंद्राज गिरदावरी) में दर्ज कर दी गई।
संबंधित पटवारी ने प्रश्नगत म्यूटेशन रिपोर्ट पर अपनी रिपोर्ट में इन तथ्यों का उल्लेख नहीं किया है। संभागीय आयुक्त जम्मू द्वारा राज्य भूमि के संबंध में की गई अवैध प्रविष्टियों की सीमा तक दाखिल खारिज को भी रद्द कर दिया गया है। साथ ही उसमें सुधार के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच जारी है।