कार्यकारी एजेंसी को विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने शनिवार को राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज अखनूर का औचक दौरा किया। इस दौरान विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारी ने उपमुख्यमंत्री को कॉलेज में बॉयज व गर्ल्स छात्रावास समेत नर्सिंग कॉलेज में एक नए ब्लॉक सहित स्वीकृत कार्यों के बारे में जानकारी दी।
बताया गया कि बॉयज छात्रावास को 6.39 करोड़ रुपये, गर्ल्स छात्रावास को 6.50 करोड़ रुपये और नर्सिंग कॉलेज में एक अतिरिक्त नए ब्लॉक को 2.64 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरा किया जाना है। यह भी बताया गया कि सभी कार्य 10 से 12 महीने की अवधि में पूरे कर लिए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और निष्पादन एजेंसियों को कार्य निष्पादन में उच्च मानकों को बनाए रखते हुए प्रगति की गति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रतिक्रिया मांगी।
उन्होंने सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के अलावा विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के महत्व पर जोर दिया। उपमुख्यमंत्री ने लोगों के कल्याण के लिए विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी अड़चन को दूर करने और परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का आग्रह किया।