रात को आंधी और बारिश के बाद गिरा 3.1 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर/जम्मू। प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। श्रीनगर में रविवार रात को 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हुई बारिश ने गर्मी से कुछ राहत तो दी लेकिन तापमान फिर भी सामान्य से अधिक बना रहा।
घाटी में सबसे कम दिन का तापमान गुलमर्ग में 19 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा है। जम्मू समेत कई हिस्सों में आंधी और पानी का असर दिखा, लेकिन दोपहर को उतना ही शरीर से पसीना छूटा। जम्मू में पांचवें दिन भी दिन का पारा 40 डिग्री के पास रहा। दिन में गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में मौसम लगभग साफ रहेगा। लेकिन कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
श्रीनगर में पारे का उतार-चढ़ाव
सोमवार को श्रीनगर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। रविवार को मौसम का सबसे गर्म दिन 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह पिछले 15 वर्षों में मई का सबसे गर्म दिन था। मौसम विभाग के अनुसार अब फिर से गर्मी बढ़ेगी। 20 से 23 मई के बीच मौसम गर्म और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। 24 से 27 मई के बीच सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे, तथा कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
-
यहां भी गर्मी दिखा रही तेवर
जम्मू में सुबह से ही गर्मी अब अपना रंग दिखा रही है। सुबह 11 बजे तक तपिश चरम पर हो रही है। दोपहर को सीधी धूप में बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। तापमान में वृद्धि का बाजार पर प्रभाव साफ दिख रहा है। लोग जरूरी खरीदारी के लिए शाम को सूर्य ढलने के बाद ही बाहर निकल रहे हैं। यहां दिन का पारा सामान्य से 1.5 डिग्री चढ़कर 39.6 और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 29.6, बटोत में 30.1, कटड़ा में 36.2 और भद्रवाह में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर चल रहा है।