राजस्व नुकसान पर कारपोरेशन सख्त, ज्यादा घाटे वाले इलाके चिह्नित
कम घाटे वाले इलाकों दो तो ज्यादा वालों में हो रही छह घंटों की कटौती
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर सहित जम्मू संभाग के लोगों को अब मार्च माह में भी बिजली कटौती से राहत नहीं मिलेगी। हालांकि, हर साल फरवरी माह तक कटौती होती थी। ऐसा बिजली कारपोरेशन का राजस्व नुकसान ज्यादा होने के कारण हो रहा है।
उपभोक्ता बिजली का इस्तेमाल करने के बावजूद बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। इस कारण कारपोरेशन ने कम और ज्यादा घाटे वाले इलाकों को चिह्नित किया है। इसी के हिसाब से बिजली कटौती शेडयूल जारी रखने का फैसला लिया है।
कारपोरेशन कम घाटे वाले इलाकों में दो तो ज्यादा घाटे में चार से छह घंटे की कटौती कर रहा है। बिजली कटौती के कारण पानी का संकट शहर में गहराने लगा है। शहर के दुर्गा नगर, मुट्ठी, रूपनगर, बख्शी नगर, तालाब तिल्लो, पुराना शहर, नरवाल और गंग्याल आदि इलाकों में पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है।
हालांकि, मार्च में उम्मीद थी कि कटों से निजात मिलेगी। लेकिन, अब कारपोरेशन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिजली कटौती शेड्यूल ऐसे ही जारी रहेगा। इस कारण गर्मी में परेशानी ज्यादा बढ़ सकती है। कारपोरेशन के अनुसार शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम 90 फीसदी पूरा हो चुका है।
बिलों की अदायगी नहीं होने से कारपोरेशन को घाटा हो रहा है। इसका असर बिजली खरीद पर पड़ रहा है। मौजूदा समय में 2700 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शहर में हो रही है। ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में आ रही है।
शहर में इन इलाकों में मिल रही राहत
शहर में जहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं और लोग बिलों की अदायगी कर रहे हैं वहां पर लोगों को बिजली कटौती से राहत मिल रही है। इनमें गांधी नगर, शास्त्री नगर, नरवाल, ज्यूल चौक, नानक नगर आदि इलाके शामिल हैं।
बिजली कटौती के कारण पानी का संकट गहराता जा रहा है। जब पानी आने का समय होता है, तो बिजली गुल हो जाती है। इस कारण लोग परेशान हैं।
- वीरेंद्र सिंह, निवासी, मुट्ठी
बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। खास कर खराब मौसम में परेशानी आती है। अब बिजली कटौती बंद की जाए। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
- अशोक सिंह, निवासी, कैनाल रोड
शहर में बिजली कटौती जारी रहेगी। निगम को राजस्व घाटा ज्यादा हो रहा है। जिन इलाकों से ज्यादा घाटा हो रहा है वहां पर बिजली की शेड्यूल कटौती जारी रहेगी। इसमें बदलाव नहीं होगा।
- केके थापा, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन