कांग्रेस से दो बार सांसद रहे डोगरा स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह के दोबारा कांग्रेस में जाने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार लाल सिंह दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के संपर्क में हैं। इससे पहले भी प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने लाल सिंह से संपर्क किया था। अगर लाल सिंह कांग्रेस का दामन थामते हैं तो वह उधमपुर सीट से मैदान में भाजपा प्रत्याशी डाॅ. जितेंद्र सिंह के खिलाफ उतर सकते हैं।
चौधरी लाल सिंह वर्ष 2004 और 2009 में लगातार दो बार कांग्रेस से सांसद बने। लेकिन बाद में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। इसके बाद भाजपा से अलग होकर अपना दल बना लिया। हाल ही में चौधरी लाल सिंह ईडी की कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे थे। उन्हें जेल भी जाना पड़ा था, जिसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ा गया।
चौधरी लाल सिंह का जिला कठुआ के अलावा अन्य साथ लगते इलाकों में दबदबा रहा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस भी इस सीट के लिए कोई ऐसा चेहरा तलाश रही है जो सत्तापक्ष को टक्कर दे सके।
बताया जाता है कि अगले एक दो दिन में स्थिति साफ हो जाएगी। इसमें लाल सिंह दिल्ली में भी कांग्रेस में फिर शामिल हो सकते हैं। चौधरी लाल सिंह ने वर्ष 2019 के चुनाव में उधमपुर सीट से लड़कर 19049 वोट हासिल किए थे, जिसमें 573 वोट डाक पत्र से हासिल हुए थे।
सीट गठबंधन को लेकर कांग्रेस की जम्मू कश्मीर के क्षेत्रीय दल नेकां और पीडीपी के साथ भी बात चल रही है, जिससे लगभग कांग्रेस का जम्मू और उधमपुर की सीट पर लड़ना तय है। एआईसीसी के जम्मू कश्मीर मामलों के प्रभारी भरत सिंह सोलंकी का कहना है कि जम्मू कश्मीर के प्रत्याशियों की सूची शीघ्र जारी की जाएगी।
पार्टी हाईकमान चरणबद्ध तरीके से सूची जारी कर रहा है। हमने सभी से फीडबैक ले लिया है। वहीं, चौधरी लाल सिंह का कहना है कि यह आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन मैं जरूर लड़ूंगा और सत्तापक्ष को टक्कर देंगे।