अमर उजाला कार्यालय पहुंचे विद्यार्थी
- फोटो : Amar Ujala
जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों ने मंगलवार को जम्मू स्थित अमर उजाला प्रेस और संपादकीय कार्यालय का दौरा किया। विश्वविद्यालय के जनसंचार व न्यू मीडिया विभाग के परास्नातक छात्रों ने इस दौरे के दौरान अखबार के छपने से जुड़ी तमाम बारीकियां जानीं। एमए मास कम्युनिकेशन कोर्स के करीब 50 छात्रों के दल अमर उजाला के बाड़ी ब्राह्मणा स्थित प्रेस में अखबार के छपने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
इसके बाद छात्रों ने अमर उजाला के वेयर हाउस स्थित संपादकीय कार्यालय का भी दौरा किया। संपादकीय कार्यालय में छात्रों के अखबार के संपादकीय विभाग, प्रसार विभाग, विज्ञापन विभाग और डिजिटल कंटेट विभाग के संबंध में जानकारियां हासिल की। इस दौरान उत्साहित छात्रों ने अखबार के छपने से जुड़े तमाम विषयों पर अमर उजाला के अधिकारियों से कई सवाल भी पूछे।
छात्रों के इस शैक्षिक दौरे का मार्गदर्शन कर रहे विश्वविद्यालय के जनसंचार व न्यू मीडिया विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह ने इस पूरे दौरे को छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर अर्चना कुमारी व अमर उजाला के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।