चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव के तहत बाड़ी ब्राह्मणा में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने किया जनसंपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव को लेकर प्रचार चरम पर है। वीरवार को पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता की टीम से वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपक अग्रवाल ने बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर उद्योगपतियों से संपर्क कर समर्थन देने की अपील की।
इस दौरान व्यापारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने उनसे बंद हो रही इकाइयों को लेकर राहत पैकेज और बकाया इंसेंटिव दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि उद्योगों के लिए बेहतर नीति बनाने की जरूरत है। बाहरी लोगों को उद्योग लगाने के लिए सरकार सुविधा दे रही है।
लीज डीड खत्म हो चुकी दुकानों व इकाइयों की समस्या पहले से ही है। दो दशक में अब तक व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण नहीं हो पाया है। केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार दीपक अग्रवाल ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या को ध्यान में रखते हुए पूरी टीम के साथ जल्द ही बैठेंगे। साथ ही रणनीति बनाकर लड़ाई लड़ी जाएगी।
दो से चार दिनों में एक बड़ी बैठक के बाद मुख्य मुद्दों को शामिल किया जाएगा। इन्हें लेकर ही व्यापारियों के पास जाएंगे।