किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि मिसाइल थीं या गोलीबारी हुई, दुकानें बंद कर घरों की निकल पड़े दुकानदार
बाजार में मची भगदड़, खरीदारी बीच में ही छोड़
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रात सवा आठ बजे के आसपास अचानक धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं। जिन्हें मजाक लगा, वो बोले कि पटाखे फोड़े जा रहे हैं। अगले ही पल तेज होती आवाजों के साथ ही लोगों में डर व घबराहट बढ़ी और सभी को लग गया कि यह पाकिस्तान ने हमला ही किया है। इसी ऊहापोह में लोग इधर-उधर भागते दिखे।
दुकानों के शटर गिर गए, काम को निकले लोग घरों की ओर भागे। कार्यालयों और घरों में ऊपर की मंजिल पर मौजूद लोग नीचे के तल पर चले आए। तभी, ब्लैक आउट हुआ और हर तरफ अंधेरा छा गया। तेज धमाकों की आवाज के बीच आसमान से लाल रंग की रोशनी गुजरते देख लोगों में अफरातफरी मच गई। वाहन सवार जहां थे, वहीं रुक गए। धमाकों की तेज आवाज रात सवा नौ बजे के आसपास सुनाई देती रही।
घरों में मौजूद लोगों को अपने कानों पर यकीन नहीं हुआ तो अनजाने भय से परिचितों को फोन कर धमाकों की जानकारी देने के साथ ही इसकी पुष्टि भी करते रहे कि हां, धमाका हुआ है। हालांकि, किसी के लिए ये धमाके गोलाबारी के थे, किसी के लिए मिसाइल और किसी ने इसे ड्रोन हमले से जोड़ा।
नौ बजे से पहले बाजार और बिजली बंद, चालू होने के बाद भी लोगों ने अंधेरा रखा
धमाकों के बाद पूरी तरह से ब्लैक आउट कर दिया गया। नौ बजे से पहले सारे बाजार बंद हो गए। गांधी नगर, नई बस्ती, शास्त्री नगर, सिटी चौक व पुरानी मंडी आदि समय से पहले ही बंद कर दिए गए। पुलिस ने भी जगह-जगह गश्त करते हुए लोगों को जल्द सड़कें खाली कर घर जाने को कहा। काफी देर तक सायरन बजते रहे। रात को लाइट आने के बाद लोगों ने अंधेरा ही रखा।
-
हम गाड़ी में थे, अचानक लोग भागने लगे
कच्ची छावनी में परिवार के साथ शॉपिंग करने गए अमित ने कहा कि हम लोग गाड़ी में बैठे ही थे कि अचानक लोग भागने लगे, भगदड़ मच गई। समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या। लोग हमला कहते हुए भागे। हम भी घर निकल लिए।
आकाश में लगा कि स्पार्किंग हो रही... गांधी नगर तक सुनाई दिए धमाके
गांधीनगर निवासी ममता ने कहा कि अचानक से तेज आवाजें आने लगीं। आकाश में लगा कि स्पार्किंग हो रही है। ऐसा तो कभी नहीं देखा। हम सब घरों में घुसे, फिर निकले नहीं।
-
कटड़ा में ब्लैक आउट, यात्रा रोकी, आज सुबह रवाना किए जाएंगे श्रद्धालु
कटड़ा में भी ब्लैक आउट रहा। इस दौरान यात्रा रोक दी गई। जो श्रद्धालु अर्धकुंवारी में थे, उन्हें वहीं रोक दिया गया। श्री माता वैष्णो देवी भवन में पहुंचे श्रद्धालुओं को वहीं रोक दिया गया। सीईओ अंशुल गर्ग के मुताबिक, ब्लैक आउट के कारण सभी यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर उनसे इसकी अपील की गई। सभी को मंदिर में ही रोका गया है। शुक्रवार की सुबह उन्हें रवाना किया जाएगा।
-
बस स्टैंड-स्टेशन पर किसी को खड़ा होने नहीं दिया जा रहा
ब्लैक आउट खत्म होने के बाद शहर के प्रमुख स्थानों पर एहतियातन लाइट बंद कर दी गई। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर भी लोगों को खड़े नहीं होने दिया जा रहा था। शहर अंधेरे में है, बाकी दिनों की अपेक्षा पुलिस व सैन्य बलों की गश्त भी बढ़ा दी गई है।