370 नए मतदाता जुड़ने के बावजूद पिछले चुनाव की तुलना में घटे 208 वोट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर मतदाता सूची जारी कर दी गई है। शनिवार को अधिकतर उम्मीदवारों ने सूची प्राप्त कर ली। इसमें पिछले चुनाव की तुलना में 208 वोट कम हुए हैं। बताया जा रहा है कि बड़े स्तर पर ब्लक में फीस जमा कराने वालों और वकालत न करने वाले सदस्यों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष 1985 मतदाताओं की सूची तैयार की गई है, जो वोट डालने के लिए मान्य किए गए हैं। पिछले चुनाव में 2193 मतदाता मान्य थे, जिनमें से 1889 मतदाताओं ने वोट डाला था। इस बार 370 नए मतदाता बार के सदस्य बने हैं। बावजूद इसके मतदाताओं की संख्या कम हुई है।
चुनाव समिति के संयोजक अधिवक्ता किशोर कुमार ने बताया कि नए मतदाताओं को मिलाकर करीब 2600 सदस्य बन रहे थे। लेकिन, इनमें से बहुत से लोग वोट डालने के लिए मान्य नहीं पाए गए। इसलिए इनके नाम हटाए गए हैं। खासकर जो लोग जम्मू हाईकोर्ट से बाहर वकालत करते हैं। इस सूची को वर्णक्रम तौर पर तैयार किया गया है, ताकि आसानी हो और हर किसी के बारे उम्मीदवारों को आसानी से पता चल सके। वोटर को भी अपना नाम आसानी मिल जाए।
आगामी बैठक में तय होगी मतदान केंद्रों की संख्या
हालांकि, अभी ये तय नहीं किया गया है कि मतदान के दिन कितने मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। संयोजक का कहना है कि कुछ ही दिन में चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें मतदान और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर चर्चा की जाएगी।
सूची मिलते ही उम्मीदवारों ने साधा संपर्क
जानकारी के अनुसार सूची में उम्मीदवारों के नाम और मेंबरशिप नंबर है। इसके जारी होते ही उम्मीदवार अब मेंबरों से संपर्क साधने में लग गए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति बना रहे हैं। क्योंकि, इस बार मतदाता कम हुए है। इसे लेकर खास ध्यान दिया जा रहा है। एक-एक वोट रिझाने के लिए उम्मीदवार जोर लगा रहे हैं।