अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। वरिष्ठ भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने बुधवार को स्पीकर अब्दुल रहीम राथर की विश्वसनीयता पर दो बार सवाल उठाया। पहले बोलने का कम समय देने और दूसरी बार नेकां विधायक द्वारा पाकिस्तान का जिक्र किए जाने के बाद प्रतिक्रिया दी।
सुनील शर्मा ने कहा कि जिस तरह से भाजपा के लोगों को बोलने का कम समय दिया जा रहा है, वो पक्षपातपूर्ण है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एनसी विधायक अली मोहम्मद सागर लगातार पाकिस्तान का जिक्र कर रहे हैं। लगातार राष्ट्र विरोधी बयान दे रहे हैं और स्पीकर उनका पक्ष लेते दिख रहे हैं। मुझे अब उनकी विश्वसनीयता पर संदेह है।
उन्होंने स्पीकर से सदन में इस तरह के बयानों को रोकने का आग्रह किया और विधानसभा की पवित्रता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। नेता प्रतिपक्ष की यह टिप्पणी नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता अली मोहम्मद सागर द्वारा अपने भाषण में कथित तौर पर पाकिस्तान का जिक्र किए जाने के बाद आई है।