शिकायत के बाद प्रशासन की बेलीचराना में कार्रवाई, लोगों ने जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बेलीचराना में पांच व्यापारिक ढांचों को गिरा दिया है। प्रशासनिक टीमों ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस दौरान लोगों ने विरोध भी जताया।
एसडीएम दक्षिण मनु हंसा ने बताया कि कार्रवाई शनिवार सुबह शुरू हुई। इसके बाद भूमि की पैमाइश करने के साथ दस्तावेजों की जांच की गई और बाद में ढांचों को गिराया गया। इस मौके पर राजस्व अधिकारी भी मौजूद रहे।
परिसरों को तोड़ने पर लोगों ने विरोध भी जताया। साथ ही अधिकारियों पर मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले नोटिस जारी करना चाहिए था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान अंदर परिवार के सदस्य सो रहे थे। अचानक तोड़फोड़ शुरू कर दी गई।
गौरलतब रहे कि इस बारे में शिकायत जिला प्रशासन को की गई थी। इसके बाद एसडीएम दक्षिण मनु हंसा की ओर से नोटिस जारी किए गए, लेकिन मगर अमल नहीं हुआ। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में अवैध ढांचों को गिराया गया।
बड़ा सवालः सरकारी जमीन पर कैसे बन गई इमारत
जहां पर लोग रहते हैं, इन जगहों में सरकारी जमीन पर पहले अतिक्रमण होता है। तीन से चार साल बाद निर्माण शुरू होते हैं। कई बार भवन बनने के बाद इसकी भनक नहीं लग पाती। जैसे ही शिकायत पहुंचती है या फिर किसी प्रोजेक्ट पर काम के लिए पैमाइश होती है तो अतिक्रमण की जानकारी मिलती है। यहां पर भी ऐसा ही हुआ है।
इन जगहों में गिराई जा चुकी हैं ईमारतें
जिला प्रशासन नरवाल रोड, सुंजवां, सिद्दड़ा, बेलीचराना सहित शहर में कई जगहों में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवा चुका है। शिकायत आने के बाद कार्रवाई होती है। इसके बाद पैमाइश की जाती है और सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया जाता है।