वन विभाग ने हरित जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत एक विस्तृत योजना तैयार की है। इसके तहत जम्मू और श्रीनगर दोनों स्मार्ट शहरों में पांच लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। विभाग इन पौधों को चिन्हित क्षेत्रों में लगाएगा और मिशन के तहत निर्धारित क्षेत्रों में वृक्षारोपण के लिए विभिन्न अन्य एजेंसियों को भी पौधे उपलब्ध कराएगा।
वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा ने दोनों शहरों में पौधरोपण के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अधीनस्थों से इस बारे में जानकारी ली। आयुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि सामाजिक वानिकी विभाग भी इस वृक्षारोपण अभियान में विशेष रूप से संस्थानों में अपना योगदान देगा।
केपेक्स, कैम्पा एवं अन्य सीएसएस योजनाओं के अंतर्गत अप्रैल में प्राप्त प्रगति के संबंध में बताया गया कि जम्मू क्षेत्र में वास्तविक रोपण सीजन जुलाई में तथा कश्मीर में नवंबर माह में प्रारंभ होगा। इसके अलावा वर्तमान में सभी वन प्रभाग वृक्षारोपण अभियान के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। ई-टेंडरिंग, सामग्री की खरीद भी जोरों पर चल रही है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: अब नई गठित समितियां सुनेंगी हाउसबोट मालिकों की समस्याएं
बैठक में वन विभाग द्वारा उठाए गए पहलुओं के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। बताया कि वन फॉरेस्ट गार्ड, वन विलेज पहल के तहत वन संरक्षण के अपने पारंपरिक कार्य के अलावा हरियाली, जैव विविधता संरक्षण के उद्देश्य से उनके अधिकार क्षेत्र के एक गांव के लिए एक वन रक्षक को प्रभारी बनाया जाएगा। वर्ष 2021-22 में कुल 1,000 गांवों को कवर किया जाएगा। इस पर 1 करोड़ खर्च किए जाएंगे।