उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने दो स्थानों से आतंकियों के तीन मददगारों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 9 हैंड ग्रेनेड और एके-47 के 58 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वीरवार को आतंकी मददगारों की मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस और सेना ने कुपवाड़ा के मुख्य बाजार में एक नाका लगाया। इस दौरान नाके को देख दो संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। जवानों ने उनका पीछा कर उन्हें धर दबोचा। पकडे़ गए दोनों मददगारों की शिनाख्त खावारपोरा टंगधार निवासी जहांगीर अहमद हजाम और अब्दुल हमीद हजाम के तौर पर हुई है। अधिकारी के अनुसार तलाशी के दौरान उनके पास से छह ग्रेनेड भी बरामद किए गए।
एक अन्य घटना में सूचना के आधार पर पुलिसने दोरूसा में नाका लगाया था। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक संदिग्ध व्यक्ति सुरक्षाबलों को देखकर भागने लगा। सुरक्षाबलों ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी शिनाख्त आतंकियों के मददगार नगम के रहने वाले स्थानीय निवासी अब्दुल रशीद लोन के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने तीन हैंडग्रेनेड और एके-47 के 58 कारतूस बरामद किए हैं।