उत्तरी कश्मीर में बारामुला के उड़ी सेक्टर में पहाड़ी से फिसलने के कारण सेना के दो पोर्टर घायल हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा मंगलवार को उड़ी सेक्टर में एलओसी के करीब नवरुनडा गांव में उस समय हुआ जब पोर्टर सेना का कुछ सामान अग्रिम चौकियों तक पहुंचाने के लिए पहाड़ी पर चढ़ रहे थे। अचानक फिसलने से दोनों पोर्टर पहाड़ी से नीचे गिर गए और घायल हो गए।
घायलों की शिनाख्त मोहम्मद अशरफ पोसवाल के पुत्र मोहम्मद रमज़ान पोसवाल (21) और मोहम्मद अशरफ पोसवाल के पुत्र मोहम्मद रमीज़ पोसवाल (17) के तौर पर हुई है। दोनों घायलों को उड़ी के उप जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें प्राथमिक चिकित्सा के बाद जीएमसी बारामुला शिफ्ट किया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है।