जम्मू शहर में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन और शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, वीरवार को भी चोर गिरोह के छह सदस्य दबोचे गए हैं। शुक्रवार को चिनौर में नाके के दौरान गिरफ्तार किए आरोपी निर्माणाधीन घरों से सरिया और लोहे का अन्य सामान चोरी करते थे। इनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिलों के साथ 11 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद हुआ है।
एसडीपीओ दोमाना कौशीन कौल ने बताया कि चिनौर पुलिस चौकी में सलोनिया मंडी (पुंछ) के रहने वाले जमील राजा मीर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि स्वर्ण विहार, बन तालाब में उनके निर्माणाधीन मकान से सामना चोरी हुआ है। चौकी प्रभारी अवतार कृष्ण चौधरी ने टीम का गठन कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी सहायता से तीन लोगों को चिनौर में नाके के दौरान हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया। इसमें तीन मोटरसाइकिल के साथ 40 क्विंटल सरिया, दो मिक्सर ग्राइंडर, 106 लोहे की रॉड, छह पाइप, 17 एंगल और 80 लोहे की शेट्रिंग के प्लेट शामिल हैं।
जानीपुर, सैनिक कॉलोनी, त्रिकुटा नगर और चिनौर क्षेत्र में दो जगह की चोरियां
पूछताछ में आरोपियों ने जानीपुर, सैनिक कॉलोनी, त्रिकुटा नगर के साथ चिनौर क्षेत्र में दो जगह चोरियां करने की वारदात को कबूला। इनकी पहचान बलबीर सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी नानक नगर, बलवंत राज पुत्र राम गोपाल निवासी कुंजवानी, अशोक कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी संजय नगर (जम्मू) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: पारंपरिक फसलें छोड़ कर लैवेंडर की खेती से जुड़ रहे हैं किसान, जानिए वजह
दो दिन पहले भी चोरियां करने वाले के छह आरोपी दबोचे गए
बता दें कि वीरवार को भी कैनाल रोड चौकी पुलिस ने शहर में चोरियां करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर एक एसी, वोल्टेज, 2 एलईडी, सोनी हैंडकैम, आठ ड्रिल मशीन सेट, आठ मोबाइल फोन, सात स्मार्ट फोन सहित चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान भगवती नगर के धीरत मेहरा, आरएस पुरा सब्जी मंडी के रहने वाले साहिल कुमार, उत्तराखंड के महिंदर प्रसाद, पलौड़ा के खानमुख सिंह, पंजपीर जम्मू के अजय कुमार और बोहड़ी के रहने वाले विक्रम सिंह के रूप में हुई है।