जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजूकेशन (जेकेबोस) ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट तैयार करने का फार्मूला सरकार के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। अगले सप्ताह सरकार फार्मूले को सार्वजनिक कर सकती है। समर जोन में 10वीं और 12वीं रेगुलर का परिणाम अनुपात के आधार पर बनना लगभग तय है। जिन विषयों की परीक्षाएं विद्यार्थी दे चुके हैं, उनके अंकों को अन्य विषयों के मूल्यांकन का आधार बनाकर रिजल्ट तैयार किया जाएगा।
कोरोना के कारण प्रदेश सरकार ने 10वीं और 12वीं की रेगुलर और प्राइवेट परीक्षाओं को रद्द किया था। इसके बाद सरकार ने बोर्ड को परिणाम तैयार करने के लिए फार्मूला तय करने को कहा था। बोर्ड ने फार्मूला तय कर सरकार को भेज दिया है। इसमें 10वीं और 12वीं का परिणाम अनुपात आधार पर ही तय किए जाने की बात है। परीक्षा रद्द होने से पहले हुए पेपर में बच्चों के प्रदर्शन के आधार पर बाकी बचे विषयों में अंक दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: वीकेंड पर पटनीटॉप सैलानियों से हुआ गुलजार, दुकानें बंद होने से सैलानी परेशान
इसमें आंतरिक मूल्यांकन के अंक को शामिल किया जाएगा। परीक्षा रद्द होने से पहले तक 10वीं कक्षा के अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा हुई थी। अब इन पेपरों में बच्चों के प्रदर्शन और आंतरिक मूल्यांकन के प्रतिशत औसत के आधार के अन्य विषयों में अंक तय किए जा सकते हैं। वहीं 12वीं कक्षा में भी लगभग इस तरह का फार्मूला अपनाया जाएगा।
बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने कहा कि परिणाम तैयार करने का आधार अनुपात के आधार पर ही होगा। सरकार को फार्मूला भेजा गया है। एक-दो दिन में मंजूरी मिल सकती है। वहीं प्राइवेट परीक्षा देने वाले जिन विद्यार्थियों ने पिछली परीक्षाओं में चार विषय पास किए थे, उन्हें पांचवें विषय में चार विषयों में से किसी दो विषयों में प्राप्त किए गए उच्चतम अंकों के औसत के आधार पर अंक दिए जाएंगे।