दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में सोमवार की शाम आतंकियों ने ब्लाक डेवलपमेंट कौंसिल के एक कर्मचारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आतंकी मौके से भाग निकले।
इनकी तलाश में पूरे इलाके में अभियान चलाया गया। हालांकि, कोई सुराग हाथ नहीं लगा। बताते हैं कि आतंकी नीलदूरा गांव में सोमवार शाम को पहुंचे। उन्होंने कर्मचारी साब्जार अहमद नायकू को घर के पास करीब से गोली मार दी।
इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद शोर होने पर आतंकी मौके से भाग निकले। आस-पास के लोगों ने तत्काल उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। यहां से हालत गंभीर होने पर उसे स्किम्स श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आस-पास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे क्या वजह है। पूरे इलाके में आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया गया है।