जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से संदिग्धों ने डिप्टी कमिश्नर के घर को निशाना बनाया है। शोपियां में डिप्टी कमिश्नर के आवास पर एक पेट्रोल बम फेंका हैं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हवाई फायर किया। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी को चोट नहीं लगी। फिलहाल संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
कांग्रेस नेता के घर पर ग्रेनेड हमला
इससे पहले दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के पिंगलाना में कांग्रेस नेता उमर जान के घर पर आतंकियों ने शनिवार को देर शाम ग्रेनेड हमला किया। दो ग्रेनेड घर को निशाना बनाकर दागे गए। एक ग्रेनेड घर के अंदर गिरकर फटा जबकि दूसरा फट नहीं पाया।
घटना के वक्त कांग्रेस नेता घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि, इस हमले में किसी प्रकार के जानी नुकसान की खबर नहीं है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आस-पास के इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। इस बीच एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
टीम ने कांग्रेस नेता के परिवार वालों से आग्रह किया कि वे घर से बाहर तब तक न निकलें जब तक कि बम निरोधक दस्ते की ओर से ग्रेनेड को निष्क्रिय नहीं कर दिया जाता है।