मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस के कार्र्यकारी प्रधान उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि पीडीपी और भाजपा झूठे वायदे कर लोगों को गुमराह कर रही है। साथ ही समाज को विभाजित करने की सियासत कर रही है।
बनिहाल और रामबन में शुक्रवार को नेकां उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीडीपी के कार्यकाल के दौरान के कुशासन, भाई भतीजावाद और भ्रष्टाचार के कारनामों को लोग अब तक भूले नहीं हैं।
सत्ता हासिल करने के लिए पीडीपी नेशनल कांफ्रेंस के खिलाफ दुष्प्रचार करती रही है और झूठे वायदों से वह सत्ता तक पहुंचना चाहती है। उन्होंने कहा कि पीडीपी ने तो जम्मू और कश्मीर के बाढ़ प्रभावित लोगों तक की चिंता नहीं की और सत्ता के लिए चुनाव जल्द से जल्द करवाने पर जोर दिया।
मौकापरस्त पीडीपी और भाजपा को लोग चुनाव में सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन 44 प्लस में कोई दम नहीं है और गुब्बारा जल्द ही फूट जाएगा। दावा किया कि नेशनल कांफ्रेंस जम्मू कश्मीर के लोगों की आवाज है और रियासत के तीनों क्षेत्रों के साथ नेकां सामान व्यवहार करती रही है। सभा को नेकां उम्मीदवार सज्जाद शाहीन और डा. चमन लाल ने भी संबोधित किया।