एक ओर जहां निर्वाचन आयोग लोगों को उनके मताधिकार के उपयोग के लिए अलग-अलग ढंग से प्रेरित कर रहा है, वहीं कुछ सामाजिक संगठन भी इसमें योगदान दे रहे हैं।
सोसाइटी फार एन्वायरमेंट, एजूकेशन एंड माडर्न आर्ट की ओर से वीरवार को अखनूर के ज्यौड़ियां तहसील में नुक्कड़ नाटक के जरिये ग्रामीणों को बताया कि उनके वोट की क्या कीमत है।
संस्था की प्रेसीडेंट सीमा देवी के अनुसार सामान्य तौर पर लोगों से बातचीत करने या पोस्टर आदि से लोगों को उतना प्रेरित नहीं किया जा सकता, जितना नाटकों के मार्फत उन्हें जागरूक कर सकते हैं। जहां भी उनकी नुक्कड़ नाटक वाली टीम पहुंची, वहां लोगों का अच्छा खासा जमावड़ा लगा।
टीम का मुख्य उद्देश्य लोगों को ज्यादा से ज्यादा वोट करने के लिए प्रेरित करना है। आने वाले दिनों में जम्मू और अन्य इलाकों में इस तरह के नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा।