जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने वीरवार को अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी। दो उम्मीदवारों पर आधारित सूची में नगरोटा विधानसभा सीट से नंद किशोर और पुलवामा विधानसभा सीट से पार्टी ने रियाज अहमद मीर को पार्टी का टिकट दिया है।
नगरोटा विधानसभा सीट में कई दावेदार होने की वजह से इस सीट पर उम्मीदवार खड़ा करने में खासा समय लगा। भाजपा नेता चंद्र मोहन शर्मा के अलावा हाल ही में भाजपा में शामिल हुए नेकां के एमएलसी अजातशत्रु सिंह भी टिकट की दौड़ में शामिल थे।
बहरहाल पार्टी ने नंद किशोर पर विश्वास व्यक्त करते हुए उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी है। नंद किशोर सांसद एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा के छोटे भाई है। वहीं पार्टी ने पुलवामा विधानसभा सीट से रियाज अहमद मीर को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।
कुल मिलाकर रियासत की 87 विधानसभा सीटों में से भाजपा अब तक 72 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पहली सूची में 45, दूसरी में चार, तीसरी में पांच और चौथी सूची में 16 और अब पांचवीं उम्मीदवारों की सूची दो उम्मीदवारों की घोषणा की गई है।