सऊदी अरब के बाद अब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भी कश्मीर घाटी में निवेश की संभावनाएं तलाश रहा है। यूएई का प्रतिनिधिमंडल 21 से 24 अप्रैल तक चार दिवसीय घाटी का दौरा कर निवेश संभावनाओं का आकलन करेगा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करने के साथ विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग और श्रीनगर में रुकेंगे। शिष्टमंडल के सदस्यों की मेहमाननवाजी के लिए हस्तशिल्प विभाग श्रीनगर की ओर से कई लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर में विभिन्न क्षेत्रों में सऊदी अरब की तीन कंपनियां पहले ही निवेश के लिए हामी भर चुकी हैं।
जम्मू और श्रीनगर में दो मल्टीपर्पज आईटी टावर का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह लुलू समूह श्रीनगर में मॉल का निर्माण कर रहा है। डीपी वर्ल्ड कठुआ में इनलैंड कंटेनर डिपो बनाएगा। निवेशकों के लिए जम्मू-कश्मीर के औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के लिए प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। यूएई के शिष्टमंडल के दौरे के दौरान ही 24 अप्रैल को जिला सांबा के पल्ली पंचायती में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचायती राज दिवस के समारोह को संबोधित करेंगे।