सांबा जिले के सीमावर्ती इलाके से पाकिस्तानी ड्रोन ने दो बार घुसपैठ की। शनिवार देर शाम ड्रोन पहली बार चलियाड़ी से घुसा और हाईवे की उत्तर दिशा में स्थित आईटीबीपी कैंप पर मंडराकर पाकिस्तान लौट गया। इसके बाद दूसरी बार ड्रोन को जतवाल में उड़ते देखा गया। पूरे क्षेत्र में दहशत मच गई। सेना समेत अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार रात सवा आठ बजे के करीब ड्रोन चलियाड़ी से इस बार दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि बब्बर नाले के रूट के 400 मीटर ऊपर से उड़ता हुआ ड्रोन रेई स्थित आईटीबीपी कैंप के ऊपर मंडराया। इसके बाद सनूरा, लाला चक से होकर चलियाड़ी से उस पार चला गया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: एलजी मनोज सिन्हा से आमिर खान ने की मुलाकात, नई फिल्म नीति पर की चर्चा
सुरक्षा बल इलाके में घेराबंदी कर ही रहे थे कि कुछ ही देर में जतवाल में भी ड्रोन उड़ते देखा गया। मौके पर सेना भी पहुंच गई। पांच किलोमीटर की दूरी पर दो अलग-अलग जगह ड्रोन से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।