जम्मू और कश्मीर में बॉर्डर पर पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी है। पाकिस्तान ने पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की है।
उत्तरी कश्मीर से सटी एलओसी पर हाई अलर्ट
उत्तरी कश्मीर से सटी नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की ओर से किए जा रहे युद्धविराम उल्लंघन के बाद से हाई अलर्ट पर है। सभी सैनिकों और अधिकारियों को एलओसी पर चौकसी के साथ पाकिस्तान की नापाक हरकत का जवाब देने के निर्देश हैं।
शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से कुपवाड़ा जिले के नौगाम, तंगधार और करनाह सेक्टर के साथ बारामुला जिले के बोनियार सेक्टर में कई जगहों पर गोलाबारी की गई थी। इसमें एक महिला सहित 6 लोग घायल हुए थे। बाद में अस्पताल में एक नागरिक ने दम तोड़ दिया था।
पाकिस्तानी सेना ने मंडाकोली, पॉकेट कांप्लेक्स और जर्मन कांप्लेक्स इलाके से शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नौगाम सेक्टर में सेना की मंजिल और एमकेआर पोस्ट को निशाना बनाया। भारतीय जवानों ने गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया था।