इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार देर शाम नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए बालाकोट और मेंढर सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में मोर्टार से गोलाबारी की। इससे नियंत्रण रेखा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन कर गया। सेना की तरफ से भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम करीब आठ बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट और मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की।
पाकिस्तानी सेना ने यूनिवर्सल मशीनगन से नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों में गोलीबारी करने के साथ ही 120 एमएम के मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत बन गई। लोग जान बचाने के लिए घरों और बंकरों में शरण लेने का मजबूर हो गए।
इतना ही नहीं कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन कर रिहायशी इलाकों और चौकियों को निशाना बनाया। इस दौरान लगभग साढ़े पांच घंटे तक गोलाबारी की, इसमें छह घरों को नुकसान पहुंचा है। सीमा सुरक्षा बल ने भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
गोलाबारी से प्रभावित लोगों ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि रोज-रोज की इस परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए कड़ा कदम उठाया जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाए, उसे करारा सबक सिखाया जाए ताकि रोज-रोज की परेशानी से निजात मिल सके।