आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान मारा गया पाकिस्तानी आतंकी बिलाल भाई रविवार को पुलिस पार्टी पर डाउनटाउन में हुए आतंकी हमले में शामिल था। उस घटना को अंजाम देने के बाद मुदासिर ने बिलाल को अपनी गाड़ी में बिठाकर इस घर तक पहुंचाया था और उसे यहीं रखा था। मुदासिर बिज़नेस करता था लेकिन साथ में आतंकियों का मॉड्यूल भी चलाता था। वह दक्षिण और उत्तरी कश्मीर से लाकर आतंकियों को अपने घर में रखता था। वहीं से आतंकी ऑपरेट करते थे।
आईजी ने बताया कि मुदासिर अहमद ने ़अल्ताफ के घर की ऊपर वाली मंजिल पर अवैध रूप से चल रहे कॉल सेंटर में आतंकी ठिकाना बना रखा था। इस मंजिल पर छह केबिन हैं। तीन में से एक कमरे में आतंकी ठिकाना मिला है जिसमें से 2 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 6 मोबाइल फोन (आतंकियों के पास से), 4 मोबाइल (हाईडआउट) से बरामद हुए हैं। जबकि कॉल सेंटर के केबिन से 6 कंप्यूटर, 6 सीपीयू, यूएसए के नक्शे आदि बरामद हुए हैं।
इसके अलावा गरम कपडे़, ड्रग्स, कोरेक्स, किचन का सामान, टीवी, घायल होने के बाद आतंकियों द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाले इंजेक्शन भी बरामद हुए हैं।